Saturday, 26 October 2013

लक्ष्मण रेखा







मर्यादा के वृत्त में खड़ा कर औरत
सदियों से जिंदगी को जबरन ढोती

आज की सीता है तुमसे पूछ रही 
क्यों पुरुषों की लक्ष्मण रेखा नहीं होती

फूल दूसरों के बिछौने में बिछा खुद 
काँटों की सेज पर चारों पहर सोती

अयाशियों के दल दल से बाहर निकाल 
अश्रुओं से पति का मैला दामन धोती

हर अंग जकड़ा हुआ है बेड़ियों में
समझती जैसे उन्हें बसरा का मोती

हर बार जीतते जीतते जंग हार जाती 
दर्द के समंदर में अपने अरमान डुबोती

ढलती साँझ में उम्मीद की लौ जला कर
उसकी रौशनी में सब आशाएं खोती 

बरसों की दहलीज पर जमी मिटटी को
गमले में रख अपने सपनों के बीज बोती

अपने कर्तव्यों का दायित्व निभाते हुए कब 
एक आंख हस देती एक आंख उसकी रोती


Thursday, 10 October 2013

एक फूल








ध्वस्त होती शाखाओं के मध्य 
एक फूल था खिला 
स्वर्णिम रगों की आभा नाचती 
परियों सी 
हरित मन की बेल पर बरसी 
बूँदें बरखा सी
सुदूर पर्वत से आती शोख 
चंचल हवा 
विचलित तन मन रोम रोम
सिहर उठा 
गोद में धूल से लिपटे हुए 
धरा 
व्यक्त करती उसकी असहनीय 
व्यथा  
कुम्हलाया उदासियों में था
पड़ा  
गुरूर था सुन्दरता देह का
इतना भरा 
चहकता इतराता था जो
डाली डाली 
वो क्षण गया छिन गयी वो
हसी ठिठोली 
गुन गुन करते भँवरे अब 
भी गाते हैं 
राग मलहार जीवन का 
सुनाते हैं   
निर्मल मन की व्याख्या क्षणिक 
देह से ऊपर है 
अंत समय सब राख धुएं का 
गुब्बार भर है 












Thursday, 19 September 2013

आत्मा मैं





युगों ने बदला ब्रह्माण्ड का स्वरूप
सदियों ने तय किया इंसान का रूप 
परन्तु मैं वहीं हूँ जहां कालांतर में थी 
समय का हर क्षण ब्रह्माण्ड की हर वस्तु 
जानना चाहती है आखिर कौन हूँ मैं 
अपना रहस्य न खोलने वाली 
एक आत्मा क्यों मौन हूँ मैं 
अपने अस्तित्व के बारे में 
क्या मुझे कुछ कहना है 
या सृष्टि की रचना के सन्दर्भ 
में यूँ ही चुप रहना है 
विशाल अन्तरिक्ष की गहनता 
को नाप है मैंने 
लाखों मीलों का सफ़र 
पलक झपकते किया है मैंने 
समय का पहिया हर क्षण 
एक नया दृश्य सम्मुख प्रस्तुत 
करता रहा 
इस ब्रह्म लोक में काल भी 
मुझसे प्रश्न करता रहा 
एक आवेग एक ओज एक तेज का 
समावेश है मुझमे 
जो हजारों प्रकाश पुंजों के तेज को
ध्वस्त करता रहा 
कितनी ही आकाश गंगाओं
से गुजरी हूँ मैं 
पृथ्वी पर जब मेरा आगमन हुआ 
तनिक पहले उसके आवरण ने मुझे छुआ
सहसा आभास हुआ परमात्मा का अंश
जो मुझमे था कहीं खो गया 
अनायास ही भटकती जा रही थी 
छली जा रही थी हर पल हर क्षण 
हर घडी मुझे जता रही थी 
निष्क्रिय हो किस दिशा में खिची  
चली जा रही थी 
वायु का वेग पीड़ादायक महसूस होता था 
सहसा बज्रपात हुआ 
जैसे मेरे अहम पर कुठाराघात हुआ 
ठोस धरातल की चट्टानों के बीच 
बिखर चुकी थी मैं 
इधर उधर कितनी ही बूंदें छिटक गयी 
कितनी घनघोर पीड़ा उठती थी 
कितना भयावह दृश्य था 
हर बूँद सिमट कर एक आकार ले रही थी 
जो जीवन को विस्तार दे रही थी 
एक जनम दूसरा जनम तीसरा  जाने 
कितने जनम 
इस तरह मृत्यु के लोक में हुआ 
मेरा स्वागतम 
निरर्थक है या है सार्थक ये 
कहना है मुश्किल
उस के द्वारा रची गयी हूँ परमात्मा
है इसका हल 
उस दैवीय शक्ति को बना मंजिल 
मैं देह में आरूढ़ होती हूँ 
हर जीव में विद्यमान हूँ मैं 
कोई रूप आकार नहीं है मेरा 
ये बेहद रहस्यात्मक है घेरा
बस तुम मुझे महसूस करो 
अथाह शक्ति है मुझमें 
तुम मेरा आवाहन करो 
क्षण भर ना डरो
ना विचलित हो तुम में मैं 
हूँ या मैं में तुम 
इस उधेड़बुन में हो जाओ
न गुम
यह गूढ़ रहस्य कभी होगा
न उजागर 
मैं जल की एक मत्स्य वो है 
विशाल सागर 



Tuesday, 27 August 2013

ये धुंधले आशियाने






ये धुंधले आशियाने कुछ कहते हैं 
हम आज भी बीते हुए कल में रहते हैं 

कुछ बातें अधूरी सी 
वो शामें सिन्दूरी सी 
यादों के शामियाने कुछ कहते हैं 

जिंदगी की लौ तले
बुझ गए जो दिए 
अपनी रौशनी की कहानी कहते हैं 

रहती है कसक दिल में 
कई मर्तवा जो उठे 
वो खामोश अफ़साने कुछ कहते हैं 

ये दूरियां ही सही 
जो मजबूरियां ही रही 
वो बेबसी के मंजर कुछ कहते हैं 

ये जो तनहाइयां न हों 
या फिर परछाइयां न हों
वो गहराते साये कुछ कहते हैं  

Tuesday, 13 August 2013

कम होता न ये धुंआ है





देश हमको बता रहा है या हम देश को बता रहे हैं 
जाने किस डगर किस राह हम जा रहे हैं 
बस इतनी सी बात है कम होता न ये धुंआ है 
आगे खाई पीछे कुआं है 
संस्कारो की कोई बात नहीं होती 
नैतिकता मुहं ओंधे किये है सोती 
शब्द झूठे लगते हैं सच्चाई के  
बोल कडवे लगते हैं अच्छाई के 
नेकी का नामोनिशान नजर नहीं आता 
पाप का गागर भर कर छलक जाता 
भ्रष्ट लोगों को देख भ्रष्टाचार को भी है शर्म आती 
सारा देश ऐसे लिप्त है जैसे दल दल में हाथी
बलात्कार के किस्से जो हेड लाइन बन कर जो छाते 
देखकर आदमी क्या अखबार भी दंग रह जाते 
खुनी खेल को अंजाम ऐसे दिया जाता है 
जैसे रोजमर्रा का कोई काम किया जाता है 
कानून अपना अँधा है इसलिए न्याय नहीं हो पाता 
पन्द्रह सौ के मुचलके पर अपराधी छूट जाता 
मांग किसी की उजड़े या उजड़े किसी का घर 
उसको न प्रशासन का खौफ है न पुलिस का है डर 
पुलिस ऐसी जिसका रौब सिर्फ गरीब झौपडपट्टी 
या रिक्शावालों पर चलता है 
बड़े लोगों नेताओं आला अफसरों के एक इशारे पर 
सिंहासन उसका भी हिलता है 
दहेज़ पर बात आये तो ये किस्सा बहुत पुराना है 
सब सोचते हैं कल की आई नयी बहु को कब जलाना है 
घर भर के ताने सुन आंसुओं  की नदी बहती है 
अस्पताल में छटपटाते हुए अंतिम बिदाई लेती है 
नेता हमारे अपने हाथ नहीं आते एक एक कर घोटालों में फसते जाते 
किसी पर हत्या का केस दर्ज है 
किसी पर मुकद्दमा चल रहा बलात्कार का 
सोचने की बात ये है किसने इन्हें बोट दिया 
किसने अंग बनने दिया सरकार का 
ये आरोप इतने संगीन इतने गहरे है 
हैरान होकर देखते गूंगे बहरे हैं 
सौंधी मिटटी की खुशबू कीचड़ में बदल रही है 
समाज की सड़ी गली गन्दगी हवा में घुल रही है 
सरकार हमारी गहरी नींद में है  सोती 
अपनी कुर्सी छीन जाने का रोना रोती
लूटपाट का ,मक्कारी का जालसाजी का 
चल रहा जंगल राज है 
अंगारों पर देश है बैठा जल रहे हैं सब
फैल रही आग ही आग है 
कोई दिन ऐसा भी आये हम फक्र करें किसी बात पर 
फक्र करने की वो बात भी होगी 
वर्तमान के इन काले पन्नों में
भविष्य का कोई ऐसा पन्ना भी होगा 
जिस पर वो सुनहरी तारीख भी होगी  

              "जय हिन्द" 


Friday, 26 July 2013

पगडंडी







घने पेड़ों के बीच बनी पगडंडी उस गावं जाती थी 

पैरों तले दबती उस घास का फिर से उग आना
देवदार की पत्तियों से हवा का टकराना 
वो सायं सायं की आवाज आती थी 

महकते जंगली फूलों की वो खुशबू 
चहकती कोयल की वो कू-कू 
जैसे कोई साज बजाती थी 

पानी के झरनों की कडकती ठंडाई 
गीले पत्थरों पर जमीं वो काई
जीवन का ठहराव  दिखाती थी 

ठंडी धुप की हलकी गरमाहट
हिलती पत्तियों की धीमी सुगबुगाहट 
कोई राज सुनाती थी 

दूर होती डालियों का पास आकर लिपटना 
शोर  करते झिगुर का होले से सिमटना 
जैसे कोई सितार बजती थी  

यहाँ वहां मंडराना रंग बिरंगी तितलियों का 
शाम ढलते लौट आना उड़ते पंछियों का 
घर की याद दिलाती थी 

उठने लगी कहीं दूर धुंध हलकी हलकी 
बरसाने लगी गीली बारिश छलकी छलकी
मिटटी की भीनी खुशबू आती थी 

डाल बदन पर कम्बल हम लपेट चले 
बिखरी हवाओं  में यादें समेट चले 
अब सिर्फ याद सताती थी 

घने पेड़ों के बीच बनी पगडंडी उस गावं जाती थी 

Thursday, 18 July 2013

ये परछाई कैसी है




खामोश निगाहों की ये उदासी कैसी है
बंद मुठ्ठी से रेत सरकने जैसी है
बरबस ही भर आता है मन
जब रोता है कोई दर्पण
ये तन्हाई कैसी है
कोई आहट सुनाई देती है 
कमरे में दिखाई देती है
ये परछाई कैसी है 
बेरंग हुई दीवारों की
दो टूटे हुए किनारों की 
ये जुदाई कैसी है 
मुरझा गयी हर कली
आज चमन में है चली
ये पुरवाई कैसी है 
सजा मुकम्मल न हुई उसकी
वक्त ने दी है जिसकी
ये गवाही कैसी है


मैं देख रही थी...

                                              मैं देख रही थी   गहरी घाटियां सुन्दर झरने   फल फूल ताला...